थाईलैंड के राजा ने सबको चौंकाते हुए अपनी शाही सहयोगी रही महिला अधिकारी के ओहदे और शाही पदनाम वापस लेने की घोषणा कर दी, जबकि कुछ महीने पहले ही उन्हें ये सम्मान दिया गया था.
जुलाई में सिनीनात वोंगवजीरापाकडी को ऑफ़ीशियल कॉनसोर्ट यानी 'शाही सहयोगी' की पदवी दी गई थी, लेकिन शाही पैलेस की ओर से बयान में कहा गया है कि उन्हें 'ख़ुद को महारानी के बराबर खड़ा करने की कोशिशों' के चलते सज़ा दी गई है.
नए सम्राट किंग महा वाचिरालोंगकोन 2016 में अपने पिता की मृत्यु के बाद राजा बने. देश के क़ानून के अनुसार राजशाही की किसी तरह की आलोचना प्रतिबंधित है और इसके लिए भारी सज़ा का प्रावधान है.
रॉयल कॉनसोर्ट क्या है?
हालांकि कॉनसोर्ट आम तौर पर पत्नी, पति या सम्राट के सहयोगी के लिए इस्तेमाल किया जाता है लेकिन थाईलैंड के रॉयल कॉनसोर्ट के मामले में ये शब्द किंग की पत्नी के साथ साथ सहयोगी या पार्टनर के संदर्भ में इस्तेमाल किया गया है.
सिनीनात 34 साल की हैं और थाईलैंड के पिछले एक सदी के इतिहास में पहली रॉयल कॉनसोर्ट थीं. जुलाई में जब उन्हें ये पदवी दी गई तो वो किंग की एक आधिकारिक सहयोगी बन गई थीं, लेकिन पत्नी नहीं.
ऐतिहासिक रूप से थाईलैंड के शाही परिवार में बहु विवाह और रॉयल कॉनसोर्ट बनाने को राज्य के सभी प्रांतों में ताक़तवर परिवारों में राजभक्ति सुनिश्चित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था.
सदियों से ही थाई राजा कई पत्नियां या कोनसोर्ट रखते थे. पिछली बार एक थाई राजा ने 1920 के दशक में एक ऑफ़िशियल कॉनसोर्ट रखा था और 1932 में जब संवैधानिक रूप से राजशाही बन गई तबसे इस पदवी को किसी को नहीं दिया गया था.
सिनीनात कौन हैं?
उनकी पृष्ठभूमि के बारे में बहुत कम जानकारी है लेकिन अदालत ने उनके बारे में कुछ सूचनाएं जारी की थीं.
क्योटो यूनिवर्सिटी में दक्षिणपूर्व एशियाई मामलों के अध्ययन केंद्र से जुड़े एसोसिएट प्रोफ़ेसर पाविन छाछावलपोंगपुन के अनुसार, "उनके अतीत के बारे में हमारे पास उतनी ही जानकारी है जितनी शाही परिवार ने दी है."
सिनीनात का जन्म उत्तरी थाईलैंड में 1985 में हुआ था और सबसे पहले उन्होंने नर्स के रूप में काम किया. तत्कालीन क्राउन प्रिंस वाजीरालोंगकोर्न के साथ उनकी जब क़रीबी बढ़ी तो उनका दख़ल रॉयल मिलिटरी और सुरक्षा एजेंसियों में बढ़ा.
वो बॉडीगॉर्ड, पायलट, पैराशूट सैनिक बनीं और रॉयल गॉर्ड में शामिल हो गईं. इस साल की शुरुआत में उन्हें मेजर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया.
No comments:
Post a Comment